क्या भारत में पोर्न देखना गैर कानूनी है?

Raj PagariyaLaw

पिछले पाँच वर्षों में हम करीब 225  से भी ज्यादा ब्लॉग आर्टिकल्स अंग्रेजी भाषा में प्रकाशित कर चुके है | यह हमारा हिंदी भाषा में लिखे जाने वाला पहला आर्टिकल है | सबसे पहले हमने पोर्न का विषय इसलिए चुना क्योंकि इससे सम्बंधित कई प्रश्न हमसे प्रतिदिन पूछे जाते है |

भारत में पोर्न-सम्बंधित नियम-कानून क्या है?

अगर स्पष्ट तौर पर बात करी जाए तो भारत में फ़िलहाल पोर्न के बारे में कोई भी विशेष नियम या कानून नहीं है | सिर्फ युवा ही नहीं, हर उम्र के व्यक्ति का यह प्रश्न होता है कि क्या पोर्न देखना कानूनी है या नहीं है? और इस प्रश्न के पीछे सिर्फ एक ही कारण है – हर उम्र का व्यक्ति पोर्न देखता तो है, पर उसे यह नहीं पता होता है कि भारत में पोर्न देखना कानूनी है या नहीं?

इस प्रश्न का उत्तर सीधा सा है – भारत में पोर्न देखना गैर कानूनी नहीं है | परन्तु कुछ चीज़े ऐसी है जो हमे अवश्य ध्यान रखनी चाहिए जैसे –

  • पोर्न देखने में किसी तरह का अपराध नहीं हो रहा है जब तक जो आप देख रहे है वो चाइल्ड पोर्नोग्राफी नहीं है | चाइल्ड पोर्नोग्राफी की अमेरिका और इंग्लैंड जैसे देशो में भी कड़ी निंदा करी जाती है | दुनिया के अधिकांश देशो में चाइल्ड पोर्नोग्राफी देखना दण्डनीय अपराध है |
  • किसी को जबरदस्ती पोर्न दिखाना भी दण्डनीय अपराध है | अगर आप किसी भी दुसरे व्यक्ति को उसकी इच्छा के विरुद्ध पोर्न दिखाते है तो आपको 7 साल तक का कारावास हो सकता है | अगर हम “जबरदस्ती दिखाना” शब्दों के विस्तार की बात करे तो इसके अंतर्गत कानूनी शब्द जैसे प्रकाशित करना, संचारित करना, ब्रॉडकास्ट करना, आदि भी आते है |
  • इसका मतलब यह हुआ कि अगर आप किसी भी दुसरे व्यक्ति को किसी भी रूप में कोई भी ऐसी फोटो या विडियो भेजते है जिसमे स्पष्ट रूप से वयस्क विषय वस्तु दर्शायी गयी है, तब आपकी यह क्रिया अपराध की श्रेणी में आएगी और आपको 7 साल की सज़ा हो सकती है | इन सारे प्रावधानों से यह भी स्पष्ट होता है कि  व्हाट्सएप्प, फेसबुक, प्राइवेट मैसेज, आदि में भी पोर्न भेजना गैर कानूनी और दण्डनीय अपराध है |

अगर आपने ऐसी कोई फोटो या विडियो शेयर करी है तो अब क्या होगा?

ऐसी फोटो या विडियो अगर आप शेयर करते है, तो इसके लिए वर्तमान में विशिष्ट रूप से कानून है | हम इसके बारे में बात आने वाली पोस्ट में करेंगे | इस पोस्ट के लिए हम पोर्नोग्राफी पर ही अपना केंद्र बिन्दु रखेंगे | अगर आपने ऐसी कोई भी फोटो या विडियो शेयर करी है तो आपका यह निश्चित तौर पर अपराध की श्रेणी में आएगा और आप सज़ा के लिए जिम्मेदार रहेंगे |

क्या सेक्स-कहानियाँ कानूनी है?

भारतीय कानून के अनुसार अगर ऐसा कोई लेख है जो सेक्स से सम्बंधित है और वह लेख जन सामान्य में जागरूकता बढ़ाने के लिए प्रकाशित किया गया है, तो ऐसा लेख कानूनी है | इसके अलावा हर तरह के लेख को पोर्नोग्राफी की परिभाषा के अंतर्गत ही माना जायेगा | अंततः, हम इस निष्कर्ष पर आते है की ऐसी कहानियों को प्रकाशित करना और किसी भी तरह से संचारित करना या वितरित करना आदि तो गैर कानूनी है, परन्तु उन्हें पढना गैर कानूनी नहीं है |

क्या विदेशी वेबसाइट पर पोर्न देखना अपराध है?

नहीं | व्यवहारिक तौर पर ऐसी सारी वेबसाइट जो विदेशी देशों में रजिस्टर्ड है, वो भारतीय अदालतों के अधिकार – क्षेत्रों से बहार है | अगर किसी देश में पोर्न देखना कानूनी है और ऐसी वेबसाइट को होस्ट करना भी, तो भारत किसी भी तरह से ऐसी वेबसाइट को बंद नहीं करवा सकता है | वैकल्पिक रूप से अदालत या सरकार कुछ चुनिन्दा वेबसाइटों पर बैन लगा देती है |

मैं  उम्मीद करता हूँ  कि इस पोस्ट के माध्यम से आपके विभिन्न प्रश्नों का उत्तर आपको मिल गया होगा | अगर अभी भी आप हमसे कोई प्रश्न पूछना चाहते है, तो हमे बेजिझक हमारे फेसबुक पेज पर संपर्क करे | हमारे फेसबुक पेज पर जाने के लिए यहाँ क्लिक करे |

पोर्न से सम्बंधित नियमो का सारांश:
  • पोर्न देखना गैर कानूनी नहीं है |
  • अपने लैपटॉप, मोबाइल, आदि में रखना भी गैर कानूनी नहीं है |
  • किसी भी तरह से प्रकाशित या संचारित करना, प्राइवेट मैसेज पर शेयर करना, आदि गैर कानूनी और दण्डनीय अपराध है |
  • सेक्स-कहानियाँ भी “पोर्नोग्राफी” शब्द की परिभाषा के अंतर्गत आती है |
  • चाइल्ड पोर्नोग्राफी को देखना, प्रकाशित करना, संचारित करना, आदि, गैर कानूनी और दण्डनीय अपराध है |

(To read this article in English, click here.)